शिविर में उपस्थित अधिकार मित्र व महिलाएं
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इटावा के अध्यक्ष रजत सिंह जैन एवं पूर्णकालिक सचिव आरती द्विवेदी के निर्देश में ग्राम धूमनपुरा स्थित कंपोजिट विद्यालय में महिला सशक्तिकरण के लिए सरकारी योजनाएं विषय पर शिविर लगाकर उपस्थित ग्रामीण महिलाओं, बालिकाओं एवं विद्यालय स्टाफ को उनकी लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकार मित्र संतोष कुमार त्रिवेदी ने बताया कि सरकार द्वारा लखपति दीदी योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मिशन शक्ति, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना, मुद्रा योजना, ड्रोन दीदी योजना आदि कई ऐसी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनसे जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बन रही हैं। अधिकार मित्र डॉ ज्योति वर्मा ने कहा कि आज यहां आपके बीच आकर शिविर लगाने का उद्देश्य यही है कि योजनाऐं तो बहुत सी चल रही हैं, लेकिन प्रायः लोगों को उनके बारे में समुचित जानकारी नहीं होती, इसलिए आप सभी को जागरूक करने के लिए डालसा की तरफ से ये शिविर लगाया गया है ताकि उन योजनाओं से जुड़कर आप उनका लाभ भी उठा सकें। शिविर का संचालन अधिकार मित्र सुधीर मिश्र ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन मोहन, छात्र छात्राएं, स्टाफ एवं ग्राम की महिलाएं उपस्थित रहीं।
