पैदल मार्च में शामिल विधायक सरिता भदौरिया, डीएम, एसएसपी
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। शारदीय नवरात्र केअवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तीकरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत पुलिस द्वारा पैदल मार्च निकाला गया। सदर विधायक सरिता भदौरिया ने झंडी दिखाकर पैदल मार्च को रवाना किया। पैदल मार्च का नेतृत्व जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने किया।
पैदल मार्च शास्त्री चौराहा से प्रारंभ होकर नौरंगाबाद चौराहा, नौरंगाबाद चौकी एवं बलराम सिंह चौराहा होते हुए एसएसपी चौराहा तक निकाला गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही समाज में उनके लिए सुरक्षित, भयमुक्त एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।पैदल मार्च में मिशन शक्ति केंद्र की महिला आरक्षियों, महिला होमगार्डों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यालयों की अध्यापिकाओं एवं छात्राओं तथा समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों ने एकजुट होकर नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन का संदेश जन-जन तक पहुंचाया तथा महिला सुरक्षा को सामूहिक सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप में अपनाने का आह्वान किया। मिशन शक्ति के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तीकरण के लिए जन-जागरूकता बढ़ाने तथा पुलिस एवं प्रशासन के प्रति जनविश्वास सुदृढ़ करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने और सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण तैयार करने पर बल दिया जा रहा है। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध संतोष सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन्स/जसवंतनगर आयुषी सिंह, शहर कोतवाल यशवंत सिंह, व्यापारी नेता सर्वेश चौहान व आलोक दीक्षित सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
