अखिलेश यादव की गिरफ़्तारी से नाराज सपाइयों ने किया धरना प्रदर्शन

 अखिलेश यादव की गिरफ़्तारी के विरोध में धरने पर बैठे सपा नेता

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में इटावा में सपा कार्यकर्ताओं ने शास्त्री चौराहे पर धरना प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता चौराहे पर पहुंचे और केंद्र सरकार एवं चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। धरना प्रदर्शन के दौरान सपा अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष फरहान शकील ने चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर नारेबाजी करते हुए इस्तीफे की मांग की। सपा नेताओं ने अखिलेश यादव समेत हिरासत में लिए गए अन्य नेताओं की रिहाई की मांग उठाई और आंदोलन को आगे और तेज करने की चेतावनी दी। करीब दो घंटे तक चले धरना प्रदर्शन के बाद मौके पर मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी ने सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य से बातचीत की। अधिकारियों की ओर से बताया गया कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सम्मानपूर्वक रिहा कर दिया गया है। अखिलेश यादव की रिहाई की जानकारी मिलने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इस दौरान शास्त्री चौराहे पर पुलिस प्रशासन की मौजूदगी रही और स्थिति पर नजर रखी गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *