गांधी जयंती पर पचराहा से आज निकलेगी यात्रा

 जानकारी देते संयोजक फरहान शकील

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को 16वीं विशाल गांधी जयंती यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा को लेकर आयोजकों की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह यात्रा सुबह 8 बजे पचराहा से शुरू होकर नुमाइश मैदान स्थित गांधी स्मारक तक जाएगी। समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष फरहान शकील के संयोजन में पिछले 15 वर्षों से लगातार गांधी जयंती यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी 16वीं विशाल गांधी जयंती यात्रा आयोजित की जा रही है। आयोजकों का कहना है कि यात्रा के माध्यम से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथि बदायूं सांसद आदित्य यादव और जिला पंचायत इटावा अध्यक्ष अंशुल यादव रहेंगे।अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर यात्रा को पचराहा से रवाना किया जाएगा। यात्रा पचराहा से प्रारंभ होकर निर्धारित मार्गों से होते हुए नुमाइश मैदान स्थित गांधी स्मारक पहुंचेगी, जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। संयोजक फरहान शकील ने लोगों से गांधी जयंती के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *