डालसा ने शिविर लगाकर मध्यस्थता एवं लोक अदालत के लाभ की दी जानकारी

 मध्यस्थता एवं लोक अदालत के लाभ की जानकारी देते अधिकार मित्र

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) इटावा के अध्यक्ष रजत सिंह जैन एवं पूर्णकालिक सचिव आरती द्विवेदी के निर्देश पर सोमवार को लुहन्ना चौराहा स्थित विहान बालिका आवासीय विद्यालय में मध्यस्थता एवं लोक अदालत के सम्बन्ध में एडीआर व्यवस्था विषय पर शिविर लगाकर अधिकार मित्रों ने आपसी मध्यस्थता, सुलह समझौतों और लोक अदालत से विवादों को निपटाने के लिए प्रेरित किया और उसके लाभों के बारे में जानकारी दी। अधिकार मित्र संतोष कुमार त्रिवेदी ने बताया कि डालसा के माध्यम से जनता के बीच शिविर लगाकर जागरूक किया जा रहा है ताकि लोग मध्यस्थता के द्वारा अपने मुकदमों का सरल और समुचित समाधान पा सकें। इसमें परस्पर समझौता करके विवादों का निपटारा हो जाता है, जो अंतिम होता है। इसमें किसी पक्ष की हार नहीं होती बल्कि दोनों पक्ष जीता हुआ महसूस करते हैं। अधिकार मित्र सुधीर मिश्र ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से लाखों मुकदमों का आपसी सहमति से निपटारा हो रहा है जिससे लोगों के कीमती समय और अनावश्यक कानूनी खर्चे की बचत हो रही है। इसमें कुछ विशेष गंभीरता वाले मुकदमों को छोड़कर सभी तरह के विवादों का समाधान हो जाता है और परस्पर मेल मिलाप तथा सौहार्दपूर्ण संबंध बने रहते हैं।अधिकार मित्र डॉ. ज्योति वर्मा ने शिविर का संचालन करते हुए विद्यालय परिवार का आभार जताया। विद्यालय की अधीक्षक मीना त्यागी ने जागरूकता शिविर करने के लिए डालसा के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ नीलम, आंचल सिंह, सुमनलता, रमन, नूतन, ज्योति राय के अलावा गणमान्य नागरिकों में ध्रुव कुमार गुप्ता, पंकज सिंह चौहान, प्रीतम खन्ना, अंजू चौधरी, मंजू सिंह, शमीना मौजूद रहीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *