इटावा में हिस्ट्रीशीटर अंकित उर्फ फौजी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

निवाड़ी कला तिराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास, जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल; तमंचा-कारतूस और चोरी की बाइक बरामद

इटावा। अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बकेवर पुलिस को बुधवार देर रात बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान थाना कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर अंकित उर्फ फौजी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस चोरी की बता रही है। बाइक के संबंध में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग*

पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात निवाड़ी कला तिराहे के पास बकेवर पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अहेरीपुर की तरफ से एक मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि बाइक सवार ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और मोटरसाइकिल से अछल्दा की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा करते हुए घटना की सूचना दूसरी मोबाइल पुलिस टीम को दी। कुछ ही देर में दोनों पुलिस टीमों ने घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, चारों तरफ से घिरता देख आरोपी ने एक बार फिर पुलिस टीम पर फायरिंग की।

जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली*

पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गोली आरोपी के बाएं पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे तत्काल हिरासत में लिया और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए। पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल के चोरी की होने की जानकारी दी है और उसके संबंध में भी जांच शुरू कर दी है।

13 मुकदमों में नामजद है आरोपी*

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित उर्फ फौजी पुत्र रामचंद्र निवासी ब्रह्मनगर, थाना कोतवाली, इटावा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी थाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है और उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 293(ए) है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अंकित के खिलाफ इटावा जनपद के विभिन्न थानों में लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और बरामद बाइक के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज*

मामले में थाना बकेवर में मुकदमा अपराध संख्या 271/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, कानपुर एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर के निर्देशन में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचन्द्र का मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी भरथना रामदवन मौर्य का नेतृत्व रहा।

पुलिस टीम मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई थानाध्यक्ष विपिन मलिक के नेतृत्व में थाना बकेवर पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *