तिरंगा रैली में साइकिल चलाते डीएएम व सीडीओ
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज जनपद में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। तिरंगा साइकिल रैली का शुभारंभ जीआईसी मैदान से हुआ। रैली शास्त्री चौराहा, नौरंगाबाद चौराहा एवं बलराम सिंह चौराहा होते हुए जीजीआईसी ग्राउंड पहुंची जहां इसका समापन हुआ। जिलाधिकारी ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज ही नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करना है। रैली में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की सहभागिता रही। आयोजन ने पूरे जनपद में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रसारित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, आइएएस कोमल पुनिया, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी महोदय सहित अधिकारियों ने स्वयं साइकिल चलाकर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया तथा रैली के माध्यम से नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संदेश दिया।
