

करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा/जसवंतनगर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर मंगलवार को जसवंतनगर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बाइकों पर सवार होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष अरुण कुमार ‘अन्नू’ गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को रवाना किया। रैली का संयोजन मंडल अध्यक्ष अजय बिंदु यादव और मंडल उपाध्यक्ष विवेक गुप्ता ‘मोना’ ने किया।
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति से जुड़े नारे लगाए, जिससे पूरे नगर का माहौल राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया। तिरंगे के साथ निकली बाइक रैली ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने कार्यकर्ताओं पर फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। साथ ही युवाओं को देश के प्रति जिम्मेदारियों और कर्तव्यों के लिए जागरूक करना भी यात्रा का प्रमुख उद्देश्य बताया गया।
रैली में श्रेयस मिश्रा, बटेश्वरी दयाल प्रजापति, राजबहादुर यादव समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस भी मुस्तैद रही। थाना अध्यक्ष कमल भाटी के नेतृत्व में पुलिस बल ने यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस की निगरानी के बीच बाइक रैली शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
तिरंगे के सम्मान और देशभक्ति के संदेश के साथ जसवंतनगर में निकली इस यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को खास रंग दे दिया।
