
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
14 घंटे में मोटरसाइकिल चोर गिरफ्तार, चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद
ऊसराहार पुलिस ने मैरिज होम से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले आरोपी को दबोचा
कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें और छह चाबियां बरामद, मक्का के खेत में छिपाई थी एक मोटरसाइकिल
इटावा।ऊसराहार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मैरिज होम से दो मोटरसाइकिलें चोरी करने वाले आरोपी को घटना के महज 14 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। ऊसराहार थाना पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें तथा छह चाबियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 जून को आर.के. मैरिज होम, किशनी रोड, ऊसराहार से दो मोटरसाइकिलें चोरी होने की सूचना मिलने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भरतपुर खुर्द-ऊसराहार-विधूना रोड से आरोपी राहुल कुमार (23) निवासी ग्राम बड़ेपुर, थाना किशनी, जनपद मैनपुरी को चोरी की मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने मैरिज होम से दोनों मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर मक्का के खेत में छिपाकर रखी गई दूसरी मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बलराज सिंह भाटी, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल आशीष मलिक तथा कांस्टेबल अनुपम कुमार शामिल रहे।
