उपचुनाव में विजयी शफी अहमद बने सभासद, नगर मजिस्ट्रेट ने दिलाई शपथ

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

इटावा, 01 जून 2026। नगर पालिका परिषद, इटावा के वार्ड संख्या-40 से उपचुनाव में निर्वाचित सभासद श्री शफी अहमद का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को नगर पालिका परिषद परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 12:00 बजे किया गया, जिसमें नगर मजिस्ट्रेट इटावा श्री राजेन्द्र बहादुर ने नवनिर्वाचित सभासद श्री शफी अहमद को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद, इटावा की अध्यक्ष श्रीमती ज्योति सन्नू गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। शपथ ग्रहण के उपरांत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति सन्नू गुप्ता ने श्री शफी अहमद को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके निर्वाचन से वार्ड संख्या-40 के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए नगर पालिका परिषद पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

नवनिर्वाचित सभासद श्री शफी अहमद ने क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए वार्ड के सर्वांगीण विकास, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार हेतु निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के सम्मानित सभासदगण, अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *