नव नियुक्त आरक्षियों को तहसील-एसडीएम कार्यालय की कार्यप्रणाली से कराया अवगत पुलिस-राजस्व समन्वय मजबूत करने को दिया गया प्रशिक्षण, 70 से अधिक आरक्षी शामिल

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

जसवंतनगर। पुलिस एवं राजस्व विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा नव नियुक्त आरक्षियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जानकारी देने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने तहसील एवं एसडीएम कार्यालय का शैक्षणिक भ्रमण कराया। इस दौरान आरक्षियों को राजस्व विभाग के विभिन्न कार्यों, प्रक्रियाओं एवं दायित्वों से अवगत कराया गया।
क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह एवं तहसीलदार नेहा सचान ने आरक्षियों को तहसील परिसर स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय, तहसीलदार कार्यालय सहित विभिन्न राजस्व शाखाओं का भ्रमण कराया। अधिकारियों ने बताया कि भूमि विवाद, कब्जा संबंधी मामलों, पैमाइश तथा अन्य संवेदनशील प्रकरणों के निस्तारण में पुलिस और राजस्व विभाग की अहम भूमिका होती है। ऐसे मामलों में दोनों विभागों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है।
भ्रमण के दौरान लेखपालों ने आरक्षियों को खेतों की पैमाइश, मेड़बंदी, कुराबंदी, खातेदारी एवं भूमि अभिलेखों से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी। साथ ही जमीन की नापजोख की विधि तथा विवादों के समाधान में राजस्व अभिलेखों के महत्व के बारे में भी बताया।
क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने कहा कि कई बार क्षेत्र में उत्पन्न विवादों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा जाता है। ऐसे में आरक्षियों को राजस्व कार्यप्रणाली की जानकारी होना आवश्यक है, जिससे वे जनसमस्याओं के समाधान में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बढ़पुरा, पछायगांव, बलरई एवं जसवंतनगर क्षेत्र के 70 से अधिक महिला एवं पुरुष आरक्षियों ने प्रतिभाग किया।
फोटो : नव नियुक्त आरक्षियों के साथ क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह एवं तहसीलदार नेहा सचान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *