जसवंतनगर में धूमधाम से मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती

करंट विजन संवाददाता

इमरान खान

जसवंतनगर (इटावा)। अंबेडकर समाज सेवा समिति के तत्वावधान में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क, सरायभूपत कटेखेड़ा में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं समाजसेवियों ने तथागत गौतम बुद्ध तथा बाबा साहब की प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता खादिम अब्बास ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब द्वारा रचित भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने समाज में शिक्षा और समानता को बढ़ावा देने हेतु संविधान के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनवर सिंह ने कहा कि बाबा साहब ने समाज के कमजोर वर्गों को जो अधिकार दिलाए हैं, उन्हें सहेजकर रखना और आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
रामनरेश आजाद, कैलाश नारायण बौद्ध, के.के. पटेल एवं ग्राम प्रधान बीना यादव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं और पिछड़े वर्गों के उत्थान में बाबा साहब का योगदान अतुलनीय है। समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य ने कहा कि हर घर में संविधान की प्रति होनी चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ी जागरूक बन सके। प्रेमबाबू अंबेडकर ने शिक्षा को सामाजिक समानता और जागरूकता का सशक्त माध्यम बताया। भाजपा नेता टी.डब्ल्यू. ने बाबा साहब के आदर्शों पर चलकर समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं संस्था के अध्यक्ष अभिषेक आजाद, कोषाध्यक्ष विकास सागर तथा सचिव विपिन गौतम सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों को बुद्ध एवं अंबेडकर के चित्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक समरसता के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *