अपराध समीक्षा बैठक में एसपी का सख्त रुख—कमजोर प्रदर्शन पर थानेदारों को कड़ी चेतावनी

करंट विज़न संवाददाता

फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में अपराध समीक्षा बैठक कर जिले की कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की स्थिति की गहन समीक्षा की। बैठक में सभी क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों से लंबित मुकदमों, गंभीर अपराधों और हालिया घटनाओं के अनावरण की प्रगति रिपोर्ट ली गई।एसपी ने हत्या, लूट, डकैती, चोरी, नकबजनी, अपहरण तथा महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा करते हुए लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घटनाओं के खुलासे में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक में वांछित अभियुक्तों व वारंटियों के खिलाफ लगातार गिरफ्तारी अभियान चलाने, मादक पदार्थों, जुआ व सट्टा जैसे अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही हिस्ट्रीशीटरों व अराजकतत्वों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने को कहा गया।एसपी ने अपराध नियंत्रण में कमजोर प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए और कहा कि लापरवाही पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई तय है। उन्होंने महिलाओं व बुजुर्गों की सुरक्षा तथा भूमि विवाद जैसे मामलों का मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष व त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी, एसओजी, सर्विलांस सेल एवं इंटेलिजेंस विंग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *