करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष बनने के बाद जनपद में प्रथम आगमन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति का स्वागत ऐतिहासिक और भव्य अंदाज में किया गया। जहानाबाद के चिल्ली मोड़ से लेकर फतेहपुर सदर तक सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। सैकड़ों वाहनों के काफिले, फूलों की वर्षा और गूंजते नारों के बीच पूरे मार्ग पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव के नेतृत्व में स्वागत यात्रा की शुरुआत जहानाबाद से हुई, जिसमें जिले भर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में शामिल हुए। यह विशाल काफिला विभिन्न प्रमुख मार्गों—जहानाबाद, बकेवर, खजुहा, बिंदकी, मलवा, अल्लीपुर, नऊवाबाग व कर्पूरी ठाकुर चौराहे से गुजरता हुआ रामेडियन होटल पहुंचा, जहां एक भव्य जनसभा का आयोजन किया गया।सभा को संबोधित करते हुए साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि उन्हें देश के शीर्ष नेतृत्व द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी केवल पद नहीं, बल्कि सेवा और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वह अपने अनुभव, समर्पण और जनसेवा की भावना के साथ पिछड़े वर्गों के उत्थान, न्याय और विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और जनता से मिल रहा अपार स्नेह उनके लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है।कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी रंजना उपाध्याय, पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा, विधायक कृष्णा पासवान, विकास गुप्ता, राजेंद्र पटेल, जयकुमार सिंह जैकी, जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह उर्फ पप्पू सिंह, पूर्व विधायक आदित्य पांडेय विजयीपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आदित्य त्रिवेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।इस भव्य स्वागत ने एक बार फिर जिले में संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के उत्साह को स्पष्ट कर दिया।
