बच्चों ने नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में जिला विज्ञान क्लब के संयोजन में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय कांधनी में स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन पर विद्यालय के सैकड़ों बच्चों के साथ पर्यावरण एवं स्वास्थ्य के विभिन्न मुद्दों पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। प्रधानाचार्य डॉ निर्मल चन्द्र बाजपेई ने अतिथियों और रिसोर्स पर्सन का स्वागत माल्यार्पण के साथ किया। विद्यालय के बच्चों ने नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संदेश दिया। मुख्य अतिथि रहे डीआईओएस अतुल कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ रहने के लिए हमें वृक्षारोपण और जल संरक्षण का कार्य बड़े स्तर पर करना होगा। पर्यावरणविद डॉ राजीव चौहान, सर्पमित्र डॉ. आशीष त्रिपाठी, प्रिंसिपल, डॉ. कैलाश यादव, विज्ञान शिक्षक प्रदीप कुमार, विज्ञान शिक्षक डॉ पीयूष दीक्षित, विज्ञान शिक्षक ऋषभ त्रिवेदी आदि ने भी विचार व्यक्त किए। आयुर्वेद विभाग से आए डॉ. एस पी सिंह ने बच्चों को विभिन्न आसनों द्वारा योग और स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण जानकारी दी। जनपद के विभिन्न विद्यालयों के बाल वैज्ञानिकों द्वारा भाषण प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग तथा वाद विवाद प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग किया गया साथ ही पर्यावरण एवं स्वास्थ्य के बारे में गीत नुक्कड़ नाटक एवं पीपीटी द्वारा उपस्थित छात्र छात्राओं को जागरूक किया गया। जागरूकता कार्यक्रम में अतिथियों के रूप में प्रधानाचार्य डॉ. उमेश यादव, प्रिंसिपल डॉ. धर्मेंद्र शर्मा, पवन प्रताप, कृष्णा त्रिवेदी, प्रधानाध्यापक मनोज कुमार आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। अंत में जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक डॉ. मुकेश यादव ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया और बताया कि अगला जागरूकता कार्यक्रम आज जन सहयोगी इंटर कालेज मोढ़ी भरथना में समाज में फैले विभिन्न अंधविश्वास दूर करने पर आयोजित होगा। प्रमाण पत्र देते विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार सिंह।
