नाले का गंदा पानी मोहल्लों में भरा, मोहल्ले के लोग नहीं पढ़ सके ईद की नमाज़

करंट विज़न संचाददाता

इटावा। ईद के दिन उर्दू मोहल्ला और अरविंद पुल इलाके में नाले का गंदा पानी घरों में घुसने से कई मकानों में पानी भर गया। सैकड़ों लोग घरों में कैद हो गए और बड़ी संख्या में लोग ईद की नमाज़ अदा नहीं कर सके।
मुस्लिम समाज के लोग ईद की नमाज़ के लिए तैयार हो रहे थे लेकिन घरों से बाहर निकलते ही चारों तरफ पानी ही पानी दिखाई दिया। गलियां पूरी तरह जलमग्न हो गईं और घरों के अंदर तक गंदा पानी भर गया। कई परिवारों को मजबूरी में घरों के अंदर ही रहना पड़ा जबकि कुछ लोग छतों के सहारे बाहर निकलकर नमाज़ पढ़ने पहुंचे। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घंटों तक घरों में फंसे रहे। स्टेशन रोड पर अरविंद पुल के नीचे से गुजर रहा नाला चौक हो गया जिसके चलते मेवाती मोहल्ला और उर्दू मोहल्ला की कई गलियों में पानी भर गया। नाले का गंदा पानी तेजी से घरों में घुस गया और देखते ही देखते पूरा इलाका जलमग्न हो गया। लोगों को अपने घरों से पानी निकालने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी और घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचा। जलभराव के बीच एक मकान की दीवार भी गिर गई जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर पालिका परिषद के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने आरोप लगाया कि नाले की सफाई को लेकर कई बार शिकायत की लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई। लोगों का कहना है कि अगर पहले ध्यान दिया जाता तो ईद जैसे बड़े त्योहार पर यह परेशानी नहीं झेलनी पड़ती। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। नगर पालिका के कर्मचारियों ने जेसीबी मशीन की मदद से नाले की सफाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद कई घंटों में पानी निकलना शुरू हुआ और लोगों को कुछ राहत मिली। हालांकि तब तक सैकड़ों परिवारों की ईद खराब हो चुकी थी। शहर के अन्य इलाकों में ईद की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं इस क्षेत्र के लोग अपने घरों से पानी निकालने में लगे रहे। इस घटना ने लोगों के मन में प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी छोड़ दी और त्योहार का दिन भारी परेशानी में गजर गया। मोहल्ले में भरा नाले का गंदा पानी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *