हर्षोल्लास के साथ अदा की गई ईद की नमाज, क्षेत्र में अमन-चैन की मांगी दुआ

करंट विज़न संवाददाता

ताखा तहसील क्षेत्र और ऊसराहार में ईद-उल-फितर का त्योहार बड़े ही अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया। इस मुबारक मौके पर क्षेत्र की विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की गई, जहाँ हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया और मुल्क में अमन-चैन व तरक्की के लिए दुआएं मांगी। भरथना रोड स्थित मुख्य ईदगाह में मौलाना हाफिज रजा ने ईद की नमाज संपन्न कराई। उन्होंने रमजान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह महीना इबादत और बरकत का है। अल्लाह उन सभी की परेशानियों को दूर करे जिन्होंने 30 दिनों तक रोजे रखकर इबादत की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर भाजपा नेता ज्ञानेंद्र कुमार अवस्थी ,छंगे खान,मोहम्मद शरीफ, सलामत खां, मुसाहिब खां, इसरार अहमद और मेहंदी हसन जैसे गणमान्य लोग भी मुबारकबाद देने पहुंचे। वहीं, मदीना मस्जिद में हाफिज नूर अहमद ने नमाज अदा कराई। ईद के त्योहार को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। थाना अध्यक्ष बलराज सिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस बल ईदगाह और प्रमुख चौराहों पर मुस्तैद रहा। ताखा तहसील की अन्य मस्जिदों जैसे कदमपुर, ताखा, सरसई नावर आदि में भी नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रशासन की सक्रियता के कारण पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद नजर आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *