स्वच्छता पखवाड़ा के तहत संगम नोज व वृहद घाट पर चला स्वच्छता अभियान

करंट विज़न संवाददाता

प्रयागराज। स्वच्छता पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत जिला गंगा समिति प्रयागराज, नगर निगम तथा स्वच्छ कर्मियों के सहयोग से संगम नोज व वृहद घाट पर जन-जागरूकता के साथ वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य घाटों की स्वच्छता बनाए रखना और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी उपस्थित रहे। उनके साथ जिला परियोजना अधिकारी एशा सिंह, आईसी हेड कृष्णा कुमार मौर्य, स्परहेड लीडर रूप शंकर पांडे तथा सृष्टि वेस्ट मैनेजमेंट टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।अभियान के दौरान विभिन्न संस्थानों की टीमों और स्वच्छ कर्मियों ने घाटों पर फैले कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक और पॉलीथिन को एकत्र कर उसका समुचित निस्तारण किया। सफाई कर्मियों ने झाड़ू लगाकर घाटों की सफाई की तथा प्लास्टिक कचरे को अलग कर सुरक्षित निपटान की व्यवस्था की। इस दौरान करीब 300 किलोग्राम गीला कचरा और 12 किलोग्राम सूखा कचरा एकत्र कर कचरा संग्रहण वाहन के माध्यम से निस्तारण के लिए भेजा गया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि स्वच्छ घाट न केवल गंगा और सहायक नदियों को प्रदूषण से बचाते हैं, बल्कि जलजनित रोगों की रोकथाम और धार्मिक पर्यटन के महत्व को भी बनाए रखते हैं। वहीं जिला परियोजना अधिकारी एशा सिंह ने लोगों से घाटों पर कूड़ा न फेंकने और प्लास्टिक के कम उपयोग की अपील की।कार्यक्रम के दौरान लोगों को नमामि गंगे के कपड़े के बैग भी वितरित किए गए और पर्यावरण के अनुकूल वस्तुओं के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। अंत में सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाकर कार्यक्रम का समापन किया गया।इस मौके पर पार्षद सुनीता चोपड़ा, मुकेश लारा, नीरज टंडन, सियाराम मुरिया, शिवराणायन यादव, राममिलन, अरुण चौहान सहित जोनल अधिकारी विकास सेन, सीएसएफआई गोविंद वाजपेयी, एसएफआई रंजन श्रीवास्तव, हरिश्चंद्र जी तथा सफाई मित्र व आईईसी टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *