महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों द्वारा महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने हेतु निरंतर जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना इकदिल पुलिस व मिशन शक्ति टीम द्वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को एकत्रित कर उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं व बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय, ऑनलाइन धोखाधड़ी से सावधान रहने, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों आदि के बारे में अवगत कराते हुए बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का तुरंत उपयोग किया जा सकता है। साथ ही महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी देते हुए उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाकर स्वयं एवं अपने परिवार के जीवन स्तर को बेहतर बनाने हेतु प्रेरित किया गया। पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर चलाए जा रहे हैं। महिलाओं को जागरुक करती पुलिस।
