खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि पुलिस बल की चुनौतीपूर्ण नौकरी में खेलकूद का अत्यधिक महत्व है
करंट विज़न संवाददाता
जनपद के स्पोर्ट्स स्टेडियम माती में आज खेल और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला। कानपुर जोन की 28वीं अन्तर जनपदीय पुलिस (महिला एवं पुरुष) हैण्डबॉल कलस्टर प्रतियोगिता वर्ष-2026 का भव्य शुभारम्भ पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात, श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा किया गया। 16 से 18 मार्च तक चलने वाली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस बल में खेल भावना, टीमवर्क और शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देना है। उद्घाटन समारोह के दौरान सभी जनपदों से आई टीमों ने शानदार और अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, जिसकी एसपी महोदया ने काफी सराहना की। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि पुलिस बल की चुनौतीपूर्ण नौकरी में खेलकूद का अत्यधिक महत्व है। ये आयोजन न केवल शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक दृढ़ता को बढ़ाते हैं, बल्कि टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। इस प्रतियोगिता में कानपुर जोन के कुल 09 जनपदों की पुरुष एवं महिला टीमें अपना दम-खम दिखाएंगी। इनमें पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर सहित कानपुर देहात, इटावा, कन्नौज, औरैया, फतेहगढ़, झाँसी, जालौन और ललितपुर की टीमें शामिल हैं। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन्स, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रतिसार निरीक्षक सहित जनपद के तमाम अधिकारी और कर्मचारीगण मौजूद रहे। अमन यात्रा लाइव की टीम इस पूरी प्रतियोगिता की पल-पल की अपडेट आप तक पहुँचाती रहेगी।
