करंट विज़न संवाददाता
इटावा। देश में लगातार बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और गैस सिलेंडर की किल्लत के चलते आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवाह्न पर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी न्यायिक सदर राकेश सिंह को सौंपा। आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष संजीव शाक्य ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आज देश की आम जनता न केवल महंगाई और आर्थिक संकट से जूझ रही है, बल्कि गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत के चलते एक बार फिर लाइनों में लगने को मजबूर हो गई। जिला महासचिव इक़रार अहमद ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये तथा कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 120 रुपये की वृद्धि ने आम जनता और छोटे व्यापारियों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। आप ने राष्ट्रपति के नाम दिए गए ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में की गई हालिया वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाए। ज्ञापन देने वालों में संजीव शाक्य जिला अध्यक्ष, इकरार अहमद जिला महासचिव, ऋचा कुशवाह पूर्व जिला महासचिव, अशोक यादव विधानसभा अध्यक्ष, रामदत्त यादव विधानसभा अध्यक्ष, सत्यनारायण दोहरे पूर्व प्रत्याशी विधानसभा भरथना, भारत सिंह, ओम प्रकाश सिंह, हरिशंकर वर्मा आदि लोग मौजूद रहे। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देते आप नेता।
