इस दौरान जिलाधिकारी ईश्वर शरण इंटर कॉलेज और जगत तारन गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे
करंट विज़न संवाददाता
प्रयागराज। उप निरीक्षक, नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, निर्विघ्न एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।इस दौरान जिलाधिकारी ईश्वर शरण इंटर कॉलेज और जगत तारन गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। उन्होंने परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, अभ्यर्थियों की बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी।
