बताया जाता है कि पंकज कुमार, पुत्र राम मिलन, इससे पहले आयोजित जनपद व मंडल स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बने थे
करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। खागा अयोध्या स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय परिषदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में विकास खंड धाता के प्राथमिक विद्यालय घरवासीपुर के छात्र पंकज कुमार ने लंबी कूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल कर जनपद फतेहपुर का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। पंकज की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और शिक्षकों व ग्रामीणों ने उन्हें बधाई दी है। बताया जाता है कि पंकज कुमार, पुत्र राम मिलन, इससे पहले आयोजित जनपद व मंडल स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बने थे। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए ही उनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया था। अयोध्या में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पंकज ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए लंबी कूद में तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया।वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय रतनपुर की छात्राएं अनुष्का देवी और नंदिनी देवी ने भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। हालांकि इस बार उन्हें पदक नहीं मिल सका, लेकिन उनके प्रयास और प्रतिभा की सराहना की जा रही है।खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह ने पंकज कुमार और उनके साथ गए शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश स्तर पर स्थान प्राप्त करना पूरे विकास खंड और जनपद के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों के साथ व्यायाम शिक्षक शशांक सिंह ‘नेताजी’, रंजना देवी (उच्च प्राथमिक विद्यालय रतनपुर), नोडल शिक्षक अशोक कुमार सिंह (शाहनगर) तथा प्राथमिक विद्यालय घरवासीपुर के शिक्षक बंशीलाल, तरुण कुमार यादव, सुशील कुमार सिंह और निर्भय लाल भी मौजूद रहे।
