नगला ढकाऊ में शहीद स्मृति सभा का आयोजन, उमड़ा जनसैलाब
24 मार्च को दिल्ली में होने वाली जनआक्रोश रैली में शामिल होने का आह्वान
करंट विज़न संवाददाता
माकपा पोलिट ब्यूरो सदस्य और देश के शीर्ष किसान नेता डॉ. अशोक धवले ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज देश की विदेश नीति और घरेलू नीतियां पूरी तरह से कारपोरेट के दबाव में हैं। उन्होंने कहा कि “नरेन्द्र का मतलब अब सरेंडर है”, क्योंकि भारत सरकार अपने पुराने मित्र ईरान पर हो रहे हमलों और वहां मासूम बच्चों की हत्या पर चुप्पी साधे हुए है। डॉ. धवले ताखा के नगला ढकाऊ में अमर शहीदों की स्मृति में आयोजित विशाल सभा को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियां किसान-मजदूर विरोधी और कारपोरेटपरस्त हैं। श्रम कानूनों में बदलाव कर मजदूरों को मालिकों का गुलाम बनाया जा रहा है, वहीं बिजली के निजीकरण से आम जनता पर महंगाई का बोझ डाला जा रहा है। खेती को कारपोरेट के हवाले करने की साजिश सभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और केरल के पूर्व विधायक पी. कृष्ण प्रसाद ने कहा कि सरकार एमएसपी की गारंटी, लागत घटाने और कर्ज मुक्ति जैसे लिखित वादों से मुकर गई है। उन्होंने केरल सरकार द्वारा किसानों को दी जा रही राहत का उदाहरण देते हुए कहा कि केंद्र सरकार किसानों के साथ दुश्मनी जैसा व्यवहार कर रही है। उत्तर प्रदेश में ‘जंगल और बुलडोजर’ राज: मुकुट सिंह किसान सभा के प्रांतीय महामंत्री मुकुट सिंह ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि यूपी के 42 जिलों की बिजली अडानी को सौंपने की तैयारी है। स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता से करोड़ों की अतिरिक्त वसूली हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाएं, दलित और अल्पसंख्यक सुरक्षित नहीं हैं और सरकारी विभाग भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुके हैं। शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर जारी रहेगा आंदोलन माकपा जिला मंत्री नाथूराम यादव ने शहीद शंकर सिंह, बलवंत सिंह और भोपाल सिंह को नमन करते हुए संकल्प लिया कि ताखा क्षेत्र के विकास, अस्पताल और आईटीआई के संचालन, अनाज मंडी की स्थापना और जमीन की लूट रोकने के लिए आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने घोषणा की कि किसान सभा हर साल शहीदों की याद में यहाँ कार्यक्रम आयोजित करेगी। सभा की अध्यक्षता जनकवि अनिल दीक्षित, शिवनारायण और श्याम सिंह शाक्य के अध्यक्ष मंडल ने की, जबकि संचालन जिलाध्यक्ष रामबृजेश यादव ने किया। इस दौरान अमर सिंह शाक्य, वैध विश्राम सिंह, संतोष शाक्य, डॉ. शौकीन सिंह, मोनू यादव और राजेश्वरी देवी सहित भारी संख्या में किसान व क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
