परीक्षा देने जा रहे छात्रों की बाइकें ऑटो से टकराई सात छात्र घायल

पांच छात्रों को उपचार के बाद पुलिस परीक्षा केंद्र ले गई

गंभीर घायल दो छात्रों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रिफर किया गया

करंट विज़न संवाददाता

फफूंद (औरैया) । फफूंद दिबियापुर मार्ग पर भाग्यनगर के पास मंगलवार की सुबह एक ऑटो में पीछे से एक के बाद एक तीन बाइक टकरा गई। जिसमें हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे सात छात्र घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी दिबियापुर में भर्ती कराया गया। जहां से पांच को उपचार के बाद पुलिस परीक्षा केंद्र पर परीक्षा दिलाने ले गई। जबकि दो छात्र गंभीर घायल होने के कारण परीक्षा देने से वंचित रहे गए।जिन्हें रेफर कर दिया गया है।
फफूंद क्षेत्र के गांव भौनकपुर निवासी शैलेन्द्र,रोहित,शिव कांत व शिवा दो बाईक पर सवार होकर भाग्यनगर में स्थित किसान इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा देने जा रहे थे। जैसे ही भाग्यनगर के पास पहुंचे तभी एक बाइक ऑटो से जा भिड़ी। इसके बाद साथ में ही आ रही दूसरी बाईक भी टकरा गई जबकि अजीतमल कोतवाली के दयानगर निवासी शैलेन्द्र नायक, अमित नायक व राऊपुर निवासी विकास की बाईक भी पीछे से टकरा गई। जिससे तीन बाईकों पर सवार सात छात्र घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्रों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी दिबियापुर में भर्ती कराया। जिसमें शैलेन्द्र नायक,रोहित,विकास,शैलेन्द्र और अभिषेक को प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया। जबकि भौंनकपुर निवासी शिवाकांत और शिवा की गंभीर हालत के कारण रेफर किया गया। जिससे यह दोनों छात्र परीक्षा देने से वंचित रहे गए। सूचना पर परिजन भी मौके पर आ गए थे। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया की घायलों को अस्पताल भिजवाया गया था जिसके बाद पांच लोगों को स्टाफ के साथ में परीक्षा दिलवाने के लिए भेज दिया गया था । दो लोग ज्यादा घायल थे जिन्हें मेडिकल कालेज भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *