चिन्हित भूमि पर केंद्रीय विद्यालय के निर्माण की मांग ,, नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा ने राज्यसभा सांसद को दिया ज्ञापन

इसी उद्देश्य से प्रशासन द्वारा केंद्रीय विद्यालय के नए भवन के निर्माण हेतु भूमि आरक्षित की गई थी

करंट विज़न संवाददाता

दिबियापुर। गत दिवस नगर पंचायत अध्यक्ष दिबियापुर राघव मिश्रा ने राज्यसभा सांसद गीता शाक्य से मिलकर उन्हें नगर के समीप चिह्नित भूमि पर केंद्रीय विद्यालय संस्थान के निर्माण हेतु एक ज्ञापन दिया जिसमें कहा गया कि नगर के निकट गेल विहार कॉलोनी के समीप लगभग 3 हेक्टेयर भूमि केंद्रीय विद्यालय के निर्माण हेतु पूर्व में आरक्षित की जा चुकी है। वर्तमान में जनपद के एकमात्र केंद्रीय विद्यालय का संचालन (एनटीपीसी) परिसर के अंदर एक अस्थायी भवन में पिछले कई दशकों से किया जा रहा है। अस्थायी भवन में संचालन होने के कारण विद्यार्थियों को समुचित शैक्षिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है। इसी उद्देश्य से प्रशासन द्वारा केंद्रीय विद्यालय के नए भवन के निर्माण हेतु भूमि आरक्षित की गई थी. किंतु अभी तक निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ नहीं हो सकी है। आपके द्वारा पूर्व में भी राज्यसभा के माध्यम से विद्यालय के निर्माण हेतु कई गम्भीर प्रयास किए गए हैं, जिसके लिए क्षेत्र की जनता सदैव आपकी आभारी रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने पत्र में कहा कि माननीय केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जी से पत्राचार एवं व्यक्तिगत भेंट कर विद्यालय के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर कराते हुए इस महत्वपूर्ण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की कृपा करें। इससे क्षेत्र एवं जनपद के हजारों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *