किसान परिवार की बेटी की सफलता से फतेहपुर में गर्व और खुशी का माहौल
करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर।जनपद के खागा नगर की होनहार बेटी रंजना सिंह सेंगर ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में 629वीं रैंक हासिल कर फतेहपुर जिले का नाम रोशन कर दिया है। उनकी इस शानदार सफलता की खबर मिलते ही खागा सहित पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उनके घर पहुंचकर मिठाई खिलाकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।बताया जाता है कि किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली रंजना सिंह सेंगर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा खागा नगर से ही प्राप्त की। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के दम पर देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाने वाली UPSC सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की।रंजना की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्चे मन से की जाए तो छोटे शहरों और कस्बों के विद्यार्थी भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उनकी सफलता से जिले के युवाओं में नई प्रेरणा और उत्साह देखने को मिल रहा है। रंजना सिंह सेंगर की इस उपलब्धि पर परिवारजनों, शिक्षकों, मित्रों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि उनकी मेहनत और लगन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और जिले के युवाओं को सिविल सेवा जैसी बड़ी परीक्षाओं के लिए आगे बढ़ने का हौसला देगी।
