पहली बार डिजिटल मोड में होगी गणना, 22 मई से शुरू होगा पहला चरण
करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर।जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर विकास भवन सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी डॉ. अविनाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति के सदस्यों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, दायित्वों और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।प्रशिक्षण सत्र में जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के उपनिदेशक अजय कुमार ने चार्ज अधिकारियों (तहसीलदार व अधिशासी अधिकारी) की भूमिका, फील्ड ट्रेनरों की तैयारी, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों द्वारा डाटा संकलन तथा उसे ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।अपर जिलाधिकारी डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि जनगणना-2027 दो चरणों में कराई जाएगी। पहला चरण 22 मई से 20 जून 2026 तक चलेगा, जिसमें मकान सूचीकरण और भवनों की गणना का कार्य किया जाएगा। इसके बाद दूसरा चरण 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक संपन्न होगा, जिसमें जनसंख्या से संबंधित विस्तृत आंकड़े एकत्र किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि 1872 से शुरू हुई जनगणना की श्रृंखला में यह 16वीं तथा स्वतंत्रता के बाद आठवीं जनगणना होगी। खास बात यह है कि पहली बार इसे डिजिटल मोड में संपन्न कराया जाएगा। प्रगणक स्मार्टफोन ऐप के माध्यम से डाटा संग्रह करेंगे, वहीं परिवारों को वेब पोर्टल के जरिए सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनगणना कार्य के दौरान डाटा की सटीकता, पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि जिले की सही और विश्वसनीय जनसंख्या जानकारी उपलब्ध हो सके।
