‘होली है’ के जयघोष के साथ लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले लगाया
करंट विज़न संवाददाता
ताखा तहसील क्षेत्र में रंगों का त्योहार होली हर्षोल्लास, उमंग और आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी और स्थानीय लोगों के सहयोग से कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। बुधवार को सुबह से ही युवाओं और बच्चों की टोलियां सड़कों पर निकल पड़ीं। ‘होली है’ के जयघोष के साथ लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले लगाया और होली की शुभकामनाएं दीं। गांवों में ढोल-नगाड़ों की थाप पर फाग गीतों के आयोजन के साथ आखत डाले गए ।, जिसमें बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उपजिलाधिकारी ताखा श्वेता मिश्रा और क्षेत्राधिकारी भरथाना के निर्देशन में पुलिस बल क्षेत्र में पूरी तरह सक्रिय रहा। ताखा और आसपास के थाना क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की गश्त जारी रही। पुलिस प्रशासन द्वारा हुड़दंगियों पर विशेष नजर रखी गई, जिसके चलते पूरा उत्सव शांतिपूर्ण रहा। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल भी देखने को मिली, जहाँ लोगों ने आपसी गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को त्योहार की बधाई दी। शाम के समय लोगों ने नए वस्त्र धारण कर एक-दूसरे के घर जाकर गुझिया और मिठाइयों का लुत्फ उठाया। “क्षेत्र की जनता ने जिस तरह शांति और प्रेम के साथ त्योहार मनाया है, वह सराहनीय है। पुलिस प्रशासन की सतर्कता और जनसहयोग से होली का पर्व सकुशल संपन्न हुआ।
