करंट विज़न संवाददाता
इटावा। होली और रमज़ान के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्टिव हो गया है। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने राजपत्रित अधिकारियों के साथ शहर के चिन्हित हॉटस्पॉट इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसपी ने धर्मगुरुओं और मौलवियों से संवाद कर दोनों त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। जिले के सभी थानों में भी बैठकें आयोजित कर लोगों से सहयोग मांगा गया और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ थाना कोतवाली क्षेत्र में पैदल गश्त किया। गश्त के दौरान चिन्हित हॉटस्पॉट स्थानों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति को परखा। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी गई, ताकि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे और आमजन खुद को सुरक्षित महसूस करें। पैदल गश्त के दौरान मौलवियों, पुजारियों और अन्य धर्मगुरुओं से बातचीत कर एसएसपी ने सभी से आग्रह किया गया कि होली और रमज़ान को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जाए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उपस्थित लोगों से सुझाव भी लिए गए और उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया गया। जनपद के सभी थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त की। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई। आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। पुलिस ने साफ कहा है कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। शहर में पैदल गश्त करते एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव।
