फफूंद थाना परिसर में शांति कमेटी की बैठक संपन्न

सौहार्दपूर्ण ढंग से होली मनाने की अपील

करंट विज़न संवाददाता

फफूंद (औरैया)। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से फफूंद थाना परिसर में थाना अध्यक्ष अजय कुमार की अध्यक्षता में शांति कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों के साथ त्यौहार की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने कहा कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी होलिका दहन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस द्वारा क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी और अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि होली खुशियों का त्यौहार है इसे आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं और न ही उन पर ध्यान दें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आए तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि त्यौहार को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जनता का सहयोग अनिवार्य है। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किए और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। पुलिस ने चेतावनी दी है कि हुड़दंग करने वालों और शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *