आर्थिक सहायता देते समाजसेवी

अग्निपीडितों की मदद को बढ़े समाजसेवियों के हाथ

करंट विज़न संवाददाता

दिबियापुर। बीते दिनों बेला रोड पर आग लगने से तबाह हुये व्यापारियों को नगर के समाजसेवियों ने शुक्रवार देर शाम उनको आर्थिक सहायता दी। जिसमें परचून कारोबारी अमन पोरवाल की मां संगीतादेवी को 70200 रुपये के अलावा चाय विक्रेता सनी तिवारी को 7100 रुपये व रेडीमेड गारमेण्ट कारोबारी मोहित बाथम को भी 7100 रुपये का आर्थिक सहयोग किया गया। ज्ञात रहे कि दो फरवरी दोपहर परचून की गोदाम में लगी आग से उक्त व्यापारियों का काफी नुकसान हुआ था जिसमें अमन पोरवाल के सामने दोबारा दुकान को शुरू करने का काफी संकट था। बताते चलें कि पिता की बीमारी से असमय मृत्यु से अमन परेशान था। उसके बाद नहर पुल पर सिंचाई विभाग द्वारा हटाये गये अतिक्रमण से परिवार बेघर हो गया था बाद में किराये के मकान में रहते हुये उसने बेला रोड पर किराये की दुकान में परचून का कारोबार शुरू किया लेकिन अग्निकांड की आपदा से सब कुछ लुट गया। पीड़ित की परेशानी को देखते हुये राणानगर निवासी ठेकेदार सत्येन्द्र तिवारी ने पचास हजार रुपए की मदद देते हुये इस काम में समाजसेवियों का भी आवाहन किया। जिसमें उनके अलावा अन्य सात लोगों ने भी पीड़ितों को राहत देते हुये सहयोग किया जिसमें कुल चौरासी हजार चार सौ रुपये एकत्रित हो गये। गौरव सिसौदिया, सभासद कृष्णकुमार कश्यप, सभासद सुशीला पोरवाल, सभासद राहुल अम्बेडकर, एडवोकेट कमलेश पोरवाल, ब्रहमानंद गुप्ता एवं अभिलाष पोरवाल द्वारा किये गये सहयोग से सभी प्रभावित व्यापारियों ने आभार जताया। समाजसेवियों की इस पहल की नगर में काफी सराहना हुयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *