करंट विज़न संवाददाता
इटावा। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा धर्मवीर प्रजापति प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सर्वप्रथम पुलिस विभाग की समीक्षा की गई, जिसपर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि वाहन चोरी में 11 लोगों पर कार्यवाही की गई एवं सड़क सुरक्षा के लिए 11 ब्लैक स्पॉट्स बनाए गए। 2412 संदिग्ध मोबाइल नम्बर को ब्लॉक कराया गया। साइबर अपराध/साइबर फ्रॉड से बचाव हेतु कार्यशाला आयोजित की गई। जनसुनवाई पर तत्काल कार्यवाही की जा रही है एवं आईजीआरएस में जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। मिशन शक्ति जन जागरूकता अभियान के तहत जन चौपाल लगाई गईं एवं 28 महिला अपराधी को सजा दिलाई गई। ऑपरेशन कनविक्शन में 86 अभियुक्तियों को सजा दिलाई गई। 528 पीड़िताओं कि काउंसलिंग कराई गई, 06 महिलाओं को आर्थिक सहायता दिलाई गई एवं 113 महिलाओं को स्किल डेवलपमेंट से लाभान्वित किया गया। ऑपरेशन मुस्कान में 26 बालिकाओं/महिलाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया। उन्होंने कृषि विभाग की समीक्षा की जिसपर उप कृषि निदेशक आरएन सिंह द्वारा बताया गया कि 17 मार्च से 15 जून तक गेहूं की खरीद चलेगी, जिसपर प्रभारी मंत्री द्वारा बताया गया कि सभी क्रय केन्द्र समय से खोले जाएं एवं सभी केन्द्रों का रजिस्ट्रेशन कराया जाए एवं प्रचार-प्रसार कराया जाए। प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि समस्त सीएचसी एवं पीएचसी केन्द्रों पर सभी डॉ. व उनके नाम, डॉ. के मोबाइल नंबर, दवाई एवं उनके बैठने के समय की सूची बनाकर चस्पा की जाए, जिससे मरीजों को भटकना न पड़े। बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में संबंधित अधिकारी द्वारा बताया गया कि 15 पीएम श्री विद्यालयों पर कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी सरकारी पेंशनों जैसे वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, शादी अनुदान योजना आदि से कोई भी पात्र व्यक्ति छूटने न पाए। सामूहिक विवाह योजना, राशन कार्ड, उज्ज्वला योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना आदि सभी योजनाओं का लाभ लाभार्थियों को अवश्य दिया जाए। प्रभारी मंत्री ने पंचायती राज विभाग, जिला पूर्ति विभाग, विद्युत विभाग, पशुपालन विभाग, राजस्व विभाग की समीक्षा की। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक में जिलाध्यक्ष बीजेपी अन्नू गुप्ता, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चन्द्र, उप कृषि निदेशक आरएन सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में समीक्षा करते प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति
