टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता को लेकर शिक्षकों का विरोध प्रदर्शन,, पीएम को भेजा ज्ञापन

करंट विज़न संवाददाता

औरैया। टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता के विरोध में हजारों शिक्षकों ने विशाल धरना प्रदर्शन किया। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर प्राथमिक शिक्षक संघ और जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रदर्शन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, ककोर में आयोजित किया गया। प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी को सौंपा। धरने को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने बताया कि 1 सितंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट के एक निर्णय से अध्यापकों में अनिश्चितता की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण शिक्षक मानसिक रूप से परेशान और भयभीत हैं। धरने के उपरांत शिक्षकों ने नारे लिखी तख्तियां लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से मार्च निकाला। नारेबाजी करते हुए वे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *