मिलेट्स महोत्सव में प्रगतिशील कृषक सम्मानित, श्रीअन्न को बढ़ावा देने पर जोर

करंट विज़न संवाददाता

फतेहपुर। कृषि विज्ञान केंद्र थरियॉव में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव का भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन सुबह से ही किसानों का पंजीकरण प्रारंभ हो गया था और बड़ी संख्या में कृषकों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।कार्यक्रम का शुभारंभ खागा की विधायक कृष्णा पासवान ने किया। उन्होंने श्रीअन्न (मिलेट्स) को बेहतर स्वास्थ्य और किसानों की आय बढ़ाने का मजबूत माध्यम बताते हुए किसानों से इसके रकबे में वृद्धि करने तथा दैनिक आहार में शामिल करने की अपील की।महोत्सव के दौरान मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 10 प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री से जुड़ने और जैविक खेती अपनाने पर जोर दिया। वहीं उप कृषि निदेशक सत्येंद्र सिंह ने बताया कि 25 फरवरी से 4 मार्च तक कृषि यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग जारी है। जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने संतुलित उर्वरक उपयोग और जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों ने उन्नत खेती तकनीक, कीट एवं रोग नियंत्रण, पशुपालन तथा शस्य वानिकी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी किसानों को दी।महोत्सव में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉल, नुक्कड़ नाटक और  कृषक-वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम ने किसानों को नई तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया और श्रीअन्न के प्रति जागरूकता बढ़ाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *