व्यापार मंडल ने समस्याओं को लेकर सांसद जितेंद दोहरे को दिया ज्ञापन

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन सांसद इटावा जितेंद्र दोहरे को दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान समय में ऑनलाइन व्यापार के अनियंत्रित एवं असंतुलित विस्तार के कारण देश के छोटे एवं मध्यम व्यापारियों का व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कम्पटीशन एक्ट 2002 की धारा 3 एवं 4 के अंतर्गत प्रतिस्पर्धा-विरोधी समझौते एवं प्रभुत्व के दुरुपयोग पर प्रतिबंध है, किंतु व्यवहार में प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म द्वारा भारी छूट, चयनात्मक विक्रेताओं को प्राथमिकता तथा एल्गोरिदम आधारित मूल्य निर्धारण से असमान प्रतिस्पर्धा उत्पन्न हो रही है। विदेशी पूंजी के बल पर अत्याधिक छूट एवं घाटे में बिक्री से छोटे एवं मध्यम व्यापारियों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता प्रभावित हो रही है। व्यापारियों ने मांग की कि
वाणिज्य मंत्रालय, एवं उपभोक्ता मंत्रालय के मध्य एक संयुक्त नियामक तंत्र का गठन किया जाए। मूल्य निर्धारण नीतियों पर सीसीआई द्वारा निगरानी एवं पूर्व स्वीकृति व्यवस्था लागू की जाए। पंजीकृत छोटे व्यापारियों को आयुष्मान जैसी स्वास्थ्य बीमा योजना एवं आपदा राहत सहायता प्रदान की जाए। यदि समय रहते इस विषय पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो देश का पारंपरिक व्यापार एवं स्वरोजगार गंभीर संकट में आ जाएगा। ज्ञापन देने वालों में जिला महामंत्री सदाशिव श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष विनीत अग्रवाल, उपाध्यक्ष अखिलेश शर्मा, राजेश अग्रवाल, संतोष सोनी , लाइन पार अध्यक्ष शिव शरण गुप्ता, राजीव अग्रवाल, गिरिजा शंकर गुप्ता, कपिल गुप्ता, रिंकू यादव, गुड्डी वाजपेजी, अरुण मिश्रा, आनंद पोरवाल, राधा कृष्ण सर्राफ, सुशील यादव, संजीव राजपूत, तेजपाल राजपूत आदि प्रमुख हैं। सांसद को ज्ञापन देते व्यापारी नेता कृष्ण मुरारी गुप्ता व अन्य।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *