करंट विज़न संवाददाता
प्रयागराज। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत, प्रयागराज द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय अंतर जनपदीय युवा आदान-प्रदान आवासीय कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस कार्यक्रम में जनपद रामपुर से आए 32 सदस्यीय युवा दल ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं नेतृत्व विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का निर्देशन उपनिदेशक जागृति पाण्डेय द्वारा किया गया, जबकि पूरे आयोजन के दौरान केतन मोदनवाल और कुलदीप मिश्रा ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा।समापन समारोह में ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रभारी डॉ. अरविंद कुमार मिश्रा तथा उपनिदेशक मेरा युवा भारत अनुराग यादव ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। टीम लीडर्स को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी गई। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रयागराज की पहचान—ज्ञान, आस्था और न्याय के संगम—पर भी प्रकाश डाला।अरुण सिंह तथा पीयूष वरदान के नेतृत्व में आई युवा टीम ने प्रयागराज की समृद्ध संस्कृति को नजदीक से जाना। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने संगम घाट पर स्वच्छता अभियान चलाकर प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पाँच दिवसीय कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य, संस्कृति, नैतिक मूल्यों, नेतृत्व एवं सतत विकास जैसे विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए। साथ ही संग्रहालय, आनंद भवन, गंगा टास्क फोर्स, भारद्वाज पार्क, अरैल घाट एवं वीआईपी घाट संगम का शैक्षिक भ्रमण भी कराया गया।
कार्यक्रम होटल प्रांजुल इन, स्टेनली रोड, रुद्राक्षपुरम, प्रयागराज में आयोजित हुआ। इस अवसर पर राज्य प्रशिक्षक महेश द्विवेदी, स्वयंसेवक निर्मल पांडे, अमरेश दुबे एवं राम अवध कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
