प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न

जनहित मामलों के समयबद्ध निस्तारण, कानून व्यवस्था व विकास कार्यों पर दिए गए सख्त निर्देश

करंट विज़न संवाददाता

प्रयागराज। प्रभारी मंत्री, जनपद प्रयागराज एवं जल शक्ति विभाग (सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, परती भूमि विकास, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग), उ0प्र0 के मा0 मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता तथा अन्य मा0 जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न हुई।बैठक में प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, विकास कार्य, आवास आवंटन, किसानों की समस्याएं, ट्रैफिक प्रबंधन, जलापूर्ति, जनसुनवाई एवं कानून व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विभिन्न जनसमस्याओं के मुद्दों पर प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस आयुक्त सहित संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर कृत कार्यवाही से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के निर्देश दिए। कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा संदर्भित प्रकरणों में पुलिस अधिकारी गंभीरता से नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करें।प्रभारी मंत्री ने अवैध कब्जों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए सरकारी भूमियों से कब्जा हटाने और भूमाफियाओं को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, गुण्डा एक्ट के तहत भी प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।जनसुनवाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी द्वारा नियमित जनसुनवाई की जानकारी दी गई। इस पर मंत्री ने तहसीलों एवं थानों में आने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने, फाइलों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आईजीआरएस पोर्टल पर जनपद की अच्छी रैंकिंग पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अन्य रैंकिंग में भी सुधार के निर्देश दिए गए।उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की लाभार्थीपरक योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने, रुके हुए विकास कार्यों को तेजी से पूर्ण कराने तथा किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता पर हल करने के निर्देश दिए। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति को देखते हुए आवंटित धनराशि का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण व्यय सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, विधायक दीपक पटेल, हर्षवर्धन वाजपेयी, राजमणि कोल, पीयूष रंजन निषाद, विधान परिषद सदस्य के0पी0 श्रीवास्तव, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने सुझाव रखे।इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त डॉ0 अजय पाल शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, पीडीए सचिव अजीत सिंह, अपर नगर आयुक्त दीपेन्द्र यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *