करंट विज़न संवाददाता
प्रयागराज। कमिश्नरेट प्रयागराज के गंगानगर जोन अंतर्गत सराहनीय पुलिस कार्य के लिए डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत द्वारा एसओजी व सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। टीम ने अंतरराज्यीय समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक शातिर अपराधी की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई थी।सम्मानित किए गए अधिकारियों में एसओजी गंगानगर टीम प्रभारी एवं सर्विलांस सेल प्रभारी सुखचैन तिवारी तथा मुख्य आरक्षी (हेड कांस्टेबल) अंगद गिरि प्रमुख रूप से शामिल रहे। दोनों अधिकारियों ने टीम के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर महाराष्ट्र पुलिस के सहयोग से वांछित अभियुक्त सतीश उर्फ खोक्या निराल्या भोसले को प्रयागराज से गिरफ्तार कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र राज्य के जनपद बीड के थाना शिरुर (कासर) में मुकदमा अपराध संख्या 55/2025, विभिन्न धाराओं बीएनएस एक्ट के तहत उक्त अभियुक्त वांछित था। संयुक्त पुलिस टीम ने बीते 13 मार्च 2025 को प्रभावी कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को प्रयागराज से गिरफ्तार कर महाराष्ट्र पुलिस को सौंपा था।अभियुक्त की गिरफ्तारी में एसओजी गंगानगर जोन प्रभारी सुखचैन तिवारी, मुख्य आरक्षी अंगद गिरि सहित टीम के कई सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही। इस सफल कार्रवाई पर पूर्व में पुलिस अधीक्षक बीड (महाराष्ट्र) द्वारा भी संयुक्त टीम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की गई थीं।इसी क्रम में डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने संयुक्त पुलिस टीम के कार्यों की सराहना करते हुए सभी सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
