करंट विज़न संवाददाता
बेला। बोर्ड परीक्षाओं के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण को लेकर थाना बेला परिसर में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने की। बैठक में क्षेत्र के सभी डीजे धारकों को माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्धारित मानकों के अनुसार ही डीजे बजाए जाएं। रात्रि 10 बजे के बाद किसी भी स्थिति में डीजे संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं संचालित हो रही हैं, ऐसे में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, यह सभी की जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। बैठक के दौरान सभी डीजे संचालकों को लिखित नोटिस भी जारी किए गए। डीजे संचालकों ने निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी सहयोग की अपील की।
