घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा
बाइक सवार मौके से फरार
करंट विज़न संवाददाता
फफूंद (औरैया)।थाना क्षेत्र के ग्राम पाता खानपुर में बुधवार दोपहर एक हादसे में चार वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार ऊषा देवी पत्नी विनोद कुमार निवासी पाता खानपुर का नाती चार वर्षीय मधुर बुधवार दोपहर अपने घर के बाहर गली में खेल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए एक बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बालक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद बाइक सवार मौके से बाइक सहित फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घायल बच्चे को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़िता ऊषा देवी ने बाइक नंबर सहित नामजद प्रार्थना पत्र थाने में दिया है। बालक की मौत से परिजनों मे कोहराम मचा हुआ है l
