मायके से निकली दुल्हन पहुंची दूल्हे के घर, वीडियो जारी कर साथ रहने की जताई इच्छा
करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। खागा कुत्ते को लेकर हुए विवाद में टूटी शादी के मामले ने दो दिन बाद नाटकीय मोड़ ले लिया। शादी टूटने के बाद मायके लौटी दुल्हन कथित रूप से घर से निकलकर सीधे दूल्हे के घर पहुंच गई। दोनों ने साथ बैठकर वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने शादी होने की बात दोहराते हुए परिवार से परेशान न करने की अपील की। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला फिर सुर्खियों में आ गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, खागा कोतवाली क्षेत्र के सराफा गली निवासी सुमित केशरवानी का प्रयागराज जनपद की युवती तनु से लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों की सहमति से करीब एक सप्ताह पूर्व कैनाल रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में शादी का आयोजन किया गया था। बारात धूमधाम से पहुंची और विवाह की रस्में चल रही थीं। बताया जाता है कि भोर में चढ़ाव की रस्म के दौरान वधू पक्ष के साथ आया पालतू कुत्ता मंडप के पास भौंकने लगा। इसे लेकर वर पक्ष के एक व्यक्ति द्वारा कुत्ते को डांटने पर विवाद शुरू हो गया। वधू पक्ष की एक महिला ने कुत्ते को परिवार का सदस्य बताते हुए आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। कुर्सियां चलीं और लात-घूंसे चले, जिसमें दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।विवाद के बाद देर रात तक समझौते की कोशिश हुई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। अगले दिन दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे और शादी से इंकार कर दिया। वर पक्ष ने शादी में हुए करीब तीन लाख रुपये खर्च और दिए गए जेवर वापस करने की शर्त रखी। नगद राशि लौटाए जाने की बात सामने आई, जबकि जेवर को लेकर विवाद बना रहा। इस संबंध में वर पक्ष ने पुलिस को लिखित शिकायत भी दी थी।इसी बीच मामला तब पलट गया जब दुल्हन तनु कथित रूप से अपने घर से निकलकर सुमित के घर पहुंच गई। वायरल वीडियो में दुल्हन ने परिजनों के दबाव में पुलिस के सामने बयान बदलने की बात कही है। दोनों ने साथ रहने की इच्छा जताते हुए परिवार से हस्तक्षेप न करने की अपील की है।उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल ने वायरल वीडियो की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई नया तथ्य सामने आता है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
