सुबह की विद्युत कटौती के विरोध में व्यापार मंडल का ज्ञापन

करंट विज़न संवाददाता

फतेहपुर।खागा नगर में सुबह 6 बजे से 8 बजे तक होने वाली विद्युत कटौती के विरोध में व्यापार मंडल ने अधिशाषी अभियंता (एक्सियन) को ज्ञापन सौंपकर समय परिवर्तन की मांग की। जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि बोर्ड परीक्षाएं, होली पर्व और रमजान माह को देखते हुए सुबह की बिजली कटौती जनहित के विपरीत है।व्यापार मंडल ने बताया कि कटौती के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं रोजेदारों, महिलाओं, बुजुर्गों, व्यापारियों, पत्रकारों और अधिवक्ताओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने मांग की कि सुबह 6 से 8 बजे तक की कटौती तत्काल बंद या समय परिवर्तित किया जाए। जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो व्यापार मंडल जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।इस पर अधिशाषी अभियंता ने आश्वासन दिया कि मामले पर शीघ्र विचार कर सुबह की कटौती से राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।मौके पर बजरंग दल के जिला सह संयोजक रोहित दीक्षित, मीडिया प्रभारी अनुपम शुक्ल, उपाध्यक्ष धीरज मोदनवाल, मंत्री रामचंद्र शुक्ल, शमीम अहमद, राजू तिवारी, महेश मोदनवाल, अनिल गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *