करंट विज़न संपाददाता
इटावा। मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत किसानों व परिवारों को क्षतिपूर्ति सहायता राशि वितरण तथा कृषि भवनों के शिलान्यास कार्यक्रम का लखनऊ से सीधा लाइव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के किसानों के हित में कुल 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि का वितरण बटन दबाकर किया गया। यह सहायता राशि प्राकृतिक आपदाओं एवं आकस्मिक दुर्घटनाओं से प्रभावित किसानों एवं उनके परिजनों को आर्थिक संबल प्रदान करने हेतु प्रदान की गई है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक सदर सरिता भदौरिया ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना से संबंधित जनपद के 8 किसानों/परिवारों के खातों में सहायता धनराशि प्रेषित करते हुए प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरित किए गए। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत 10 किसानों को आच्छादित कर उन्हें लाभान्वित किया गया। विधायक सदर ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है तथा आपदा किट भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे किसान प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रह सकें। उन्होंने सभी किसानों से अपील की कि वह शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त करने हेतु प्रशिक्षण अवश्य लें तथा फसल बीमा योजना से जुड़कर अपने परिश्रम की सुरक्षा सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव, जनप्रतिनिधिगण, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, उप कृषि निदेशक आरएन सिंह, जिला कृषि अधिकारी ओमकार सिंह, उप जिलाधिकारी न्यायिक राकेश कुमार, जिला उद्यान अधिकारी श्याम सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे। लाभार्थियों को चेक देतीं विधायक सदर सरिता भदौरिया।
