करंट विज़न संपाददाता
प्रयागराज। झूंसी क्षेत्र की रहने वाली कु. अंजुम आरा ने छत्तीसगढ़ प्रांतीय ज्यूडिशियल सर्विस (PCJ-J) परीक्षा में प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनकी इस शानदार सफलता से प्रयागराज ही नहीं, पूरे प्रदेश का नाम देशभर में रोशन हुआ है।अंजुम आरा की उपलब्धि से उनके परिवार, क्षेत्रवासियों और शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन को इस सफलता का प्रमुख आधार माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंजुम ने यह साबित कर दिया है कि मजबूत इरादों और कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।जानकारों के अनुसार, प्रांतीय न्यायिक सेवा की परीक्षा देश की कठिन परीक्षाओं में गिनी जाती है। ऐसे में प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त करना अत्यंत गौरव की बात है। अंजुम आरा की सफलता से विशेष रूप से छात्राओं को प्रेरणा मिलेगी।क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने अंजुम आरा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और उम्मीद जताई है कि वह न्यायिक सेवा में उत्कृष्ट कार्य कर समाज के लिए मिसाल बनेंगी।
