करंट विज़न संपाददाता
फतेहपुर। औराई गांव की मृतका खुशबू को न्याय दिलाने की मांग को लेकर गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने थरियांव थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में गुलाबी वेशभूषा में सैकड़ों महिलाएं हाथों में लाठी-डंडे लेकर थाने पहुंचीं और पुलिस प्रशासन के खिलाफ तीखी नारेबाजी की। महिलाओं के भारी हुजूम से थाना परिसर और आसपास का इलाका देर तक गूंजता रहा।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि थरियांव पुलिस की संवेदनहीनता और लापरवाही के कारण खुशबू को आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ा। अध्यक्ष हेमलता पटेल ने कहा कि यदि समय रहते पीड़िता की शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई होती तो उसकी जान बच सकती थी। उन्होंने थानों में पीड़ितों की अनदेखी और उपेक्षापूर्ण व्यवहार पर कड़ी नाराजगी जताई।संगठन की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया। ज्ञापन में खुशबू प्रकरण के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई तथा जनपद में बढ़ते जघन्य अपराधों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। साथ ही थानों में जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।हेमलता पटेल ने चेतावनी दी कि यदि पीड़िता को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो संगठन एसपी कार्यालय फतेहपुर का वृहद घेराव कर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। नायब तहसीलदार ने ज्ञापन शासन स्तर तक पहुंचाने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।प्रदर्शन में सरला सिंह, उत्तरा, राजनीति, सरिता, सुमन, शहरून, विनीता, काजल, रानी, रेखा समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और पीड़ित परिजन मौजूद रहे।
