8 साल की उरूज ने रखा जीवन का पहला रोजा

परिजनों और मोहल्लेवासियों ने दी मुबारकबाद

करंट विज़न संवाददाता

फफूंद (औरैया)। इस्लाम धर्म के सबसे पवित्र महीने रमजान-उल- मुबारक का दौर जारी है। बरकतों और रहमतों के इस महीने में जहां बड़े इबादत में मशगूल हैं वहीं बच्चों में भी खुदा की इबादत को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को फफूंद नगर के मोहल्ला बाबा का पुर्वा निवासी रईस खान की आठ वर्षीय पुत्री उरूज खानम ने अपने जीवन का पहला रोजा रखकर खुदा की राह में अपनी आस्था प्रकट की। उरूज ने गर्मी और भूख-प्यास की परवाह किए बिना पूरे अकीदत के साथ रोजा मुकम्मल किया। शाम को इफ्तार के वक्त नन्ही बच्ची ने दस्तरख्वान पर बैठकर अपने रब का शुक्र अदा किया और मुल्क में अमन -चैन व अपनी इबादत कुबूल होने की दुआ मांगी। पहले रोजे को लेकर उरूज के चेहरे पर सुबह से ही एक अलग खुशी और उत्साह देखने को मिला। बेटी की इस उपलब्धि पर पिता रईस खान और परिवार के अन्य सदस्यों ने फूल-मालाएं पहनाकर और दुआएं देकर उसकी हौसला अफजाई की। मोहल्ले वासियों ने भी उरूज को मुबारकबाद देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्थानीय बुजुर्गों का कहना है कि बच्चों में दीन के प्रति ऐसा लगाव देखकर समाज में नेक संदेश जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *