विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत टूलकिट वितरण कार्यक्रम हुआ
करंट विज़न संवददाता
इटावा। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजनान्तर्गत एमएसएमई वृहद ऋण वितरण शिविर एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत टूलकिट वितरण कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि अधिक से अधिक युवाओं एवं कारीगरों को स्वरोजगार से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराकर उद्यम स्थापना हेतु हर संभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लाभार्थियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ अनिवार्य रूप से प्राप्त हो, इसके लिए संबंधित विभाग एवं बैंक आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जिसके अंतर्गत लाभार्थी को ऋण पर कोई ब्याज देय नहीं है तथा अतिरिक्त धनराशि का कोई भार नहीं पड़ता है। लाभार्थी को केवल मूल ऋण राशि का ही पुनर्भुगतान करना होता है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से युवा अपनी लघु इकाई अथवा सूक्ष्म उद्योग स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं, जिससे उनके परिवार की आय में वृद्धि होगी तथा आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। उन्होंने लाभार्थियों से आह्वान किया कि प्राप्त ऋण राशि का सदुपयोग केवल आर्थिक गतिविधियों एवं उद्यम स्थापना में ही किया जाए तथा अनुत्पादक कार्यों में व्यय न किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में लगभग 1700 अतिरिक्त लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाना प्रस्तावित है तथा यह अभियान सतत रूप से संचालित रहेगा। जिलाधिकारी द्वारा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना अंतर्गत दो राजमिस्त्रियों को टूलकिट एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही मशरूम उत्पाद इकाई हेतु 5 लाख का ऋण प्राप्त करने वाली लाभार्थी गीता को सम्मानित किया गया। मसाला निर्माण इकाई के लिए 4.24 लाख का ऋण पंजाब सिंध बैंक से प्राप्त करने वाले लाभार्थी को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान एलडीएम सहित समस्त बैंकर्स एवं लाभार्थी आदि उपस्थित रहे। लाभार्थियों को ऋण का चेक देते डीएम शुभ्रान्त कुमार शुक्ल।
