करंट विज़न संवददाता
फतेहपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया गया तथा संबंधित अधिकारियों से बिंदुवार जानकारी ली गई।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें। उन्होंने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की आख्या की भी समीक्षा की और जहां कमियां पाई गईं, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा।बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं को शत-प्रतिशत लागू करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
