इस्तकबाल-ए-रमजान की तैयारियां मुकम्मल , मस्जिदों में बिखरी रौनक

सेहरी और इफ्तार के लिये खजूर, फैनी और फलों की दुकानें सजी

करंट विज़न संवाददाता

फफूंद (औरैया)। जनपद के ऐतिहासिक कस्बा फफूंद में माह-ए-रमजान की आमद को लेकर मोमिनों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इबादत के इस मुकद्दस महीने के स्वागत के लिए नगर की सभी छोटी-बड़ी मस्जिदों को विशेष रूप से सजाया और संवारा गया है। रमजान की तैयारियों के मद्देनजर स्थानीय जामा मस्जिद समेत अन्य मोहल्लों की मस्जिदों में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। नमाजियों की सहूलियत के लिए मस्जिदों में वजू के पुख्ता इंतजाम, नई सफें (चटाई/कालीन) बिछाने और रंग-रोहन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। रात के वक्त इबादत के लिए मस्जिदों को दूधिया रोशनी और आकर्षक झालरों से जगमगाया गया है। रमजान के दौरान अदा की जाने वाली विशेष नमाज तरावीह के लिए भी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। कस्बे की विभिन्न मस्जिदों में कुरान-ए-पाक मुकम्मल सुनाने के लिए हाफिजों की नियुक्तियां कर दी गई हैं। मस्जिदों के साथ-साथ बाजारों में भी रमजान का असर दिखने लगा है। सहरी और इफ्तारी के लिए खजूर, फेनी, सेवई और फलों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है जिससे नगर में देर रात तक रौनक बनी हुई है। अकीदतमंदों का कहना है कि वे इस बरकत वाले महीने में मुल्क की अमन-चैन और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *